मानसून की पहली तेज बारिश के साथ ही अजनाला क्षेत्र में बाढ़ का खतरा फिर मंडराने लगा है। सांसद गुरजीत सिंह औजला के भाई सुख औजला ने बुधवार को घोनेवाल समेत कई गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और राज्य सरकार पर समय रहते बाढ़ सुरक्षा कार्य नहीं कराने का आरोप लगाया। सुख औजला ने कहा कि पहली ही बारिश में विधानसभा क्षेत्र अजनाला के गांव गग्गोमाहल, दियाल भट्टी, अनायतपुरा, हरड़, नानकपुरा, अंब कोटली और गुज्जरपुरा की फसलें पानी में डूब गई हैं। पिछले वर्ष धुसी बांध टूटने से भारी तबाही झेल चुके क्षेत्र के लोगों में इस बार भी दहशत का माहौल है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते नदी किनारों की सफाई और सुरक्षा कार्य पूरे किए होते तो आज ऐसे हालात पैदा नहीं होते। उन्होंने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह धालीवाल से प्रभावित गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं देखने की अपील की। औजला ने कहा कि खेत समंदर का रूप ले चुके हैं और किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि बाढ़ प्रबंधन टीमें तुरंत नदी किनारों का निरीक्षण करें। उनका आरोप है कि रेत खनन के कारण कई स्थानों पर नदी के किनारे कमजोर हो गए हैं, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने सरकार से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्थायी इंतजाम करने की मांग की। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम उठाए गए होते तो आज क्षेत्र के लोगों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।