निज्जरपुरा टोल प्लाजा पर आज किसान संगठनों की ओर से जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान किसानों ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक टोल पूरी तरह मुफ्त कर दिया, जिससे राहगीरों को बड़ी राहत मिली और वाहनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट जारी रही। किसान नेताओं ने बताया कि यह प्रदर्शन भारत-अमेरिका के बीच हुए हालिया फैसलों के विरोध में किया गया है, जिन्हें वे किसान विरोधी मानते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से किसानों के हित प्रभावित हो रहे हैं, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। इस मौके पर किसानों ने ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों के लिए तुरंत मुआवजे की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि सरकार द्वारा पहले किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने मांग की कि जल्द गिरदावरी कराकर किसानों को मुआवजा दिया जाए। किसानों ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने, फसलों का उचित मूल्य देने और एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की भी मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।