फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमृतसर में मोदी और मान सरकार के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन

Nivedita Updated Mon, 08 Jun 2026 03:15 PM IST

किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने केंद्र की मोदी सरकार और पंजाब की भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए किसानों और आम लोगों से जुड़े कई मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों और जनहित के मुद्दों को लेकर देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पंजाब के 22 जिलों में 74 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पंधेर ने आरोप लगाया कि पंजाब में यूरिया खाद की भारी कमी है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर किसानों को खाद के साथ अन्य गैर-जरूरी सामान खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है और उनसे अतिरिक्त राशि भी वसूली जा रही है। इससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कृषि विभाग और सरकारों की नीतियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए पंधेर ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने पंजाब भाजपा से भी सवाल किया कि बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर वह चुप क्यों है। किसान नेता ने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में किसानों की जमीनें छीनने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भारत-अमेरिका कृषि समझौते पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि यह समझौता लागू हुआ तो पंजाब की खेती और कृषि अर्थव्यवस्था को गंभीर नुकसान हो सकता है। उन्होंने मांग की कि कृषि क्षेत्र को ऐसे समझौतों से बाहर रखा जाए। पंधेर ने पंजाब में चल रहे बेरोजगार और कर्मचारी संगठनों के आंदोलनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज और दबाव की नीति तत्काल बंद की जानी चाहिए। सरकार को विभिन्न संगठनों से बातचीत कर उनकी जायज मांगों का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों और आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें