अमृतसर से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। मीडिया से बातचीत में औजला ने कहा कि पंजाब में अपराधी पूरी तरह बेखौफ हो चुके हैं और आम लोग डर के साये में जीवन गुजार रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में आए दिन हत्या, फायरिंग और फिरौती जैसी गंभीर वारदातें सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इन्हें रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि आम आदमी पार्टी के एक नेता की गुरुद्वारे के भीतर ही हत्या कर दी गई। यह घटना पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की भयावह तस्वीर पेश करती है। उन्होंने कहा कि जब पवित्र स्थलों तक में लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजबूत नेतृत्व की जरूरत होती है, लेकिन जब सत्ता के दो केंद्र होते हैं, तो सिस्टम पूरी तरह चरमरा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब धीरे-धीरे गैंगलैंड बनता जा रहा है, जहां विदेशों में बैठे गैंगस्टर लोगों से फिरौती मांग रहे हैं और न देने पर गोलियां चलाई जा रही हैं। गांवों तक में छोटी-छोटी कहासुनी में फायरिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं, क्योंकि लोगों के मन से कानून और पुलिस का डर खत्म हो चुका है। बिट्टू–गद्दार विवाद पर बोलते हुए औजला ने कहा कि रवनीत सिंह बिट्टू को गद्दार कहे जाने के मुद्दे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सिख समुदाय से जोड़ना पूरी तरह गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने पंजाब और देश के साथ जो व्यवहार किया है, वही असल गद्दारी है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विश्व स्तर पर सम्मानित सिख नेता और महान अर्थशास्त्री को राजघाट न दिया जाना भाजपा की सिख विरोधी सोच को दर्शाता है। वहीं, किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए सैकड़ों किसानों के लिए भी भाजपा नेताओं द्वारा संवेदना न जताने का आरोप लगाया। औजला ने कहा कि आज पंजाब गंभीर संकट से गुजर रहा है और केंद्र व राज्य सरकारें अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रही हैं।