नगर निगम की बोर्ड बैठक में सोमवार को गहमागहमी के बीच एक राष्ट्र एक चुनाव कराने पर पार्षदों ने अपनी सहमति जताकर प्रस्ताव पास कर दिया। महापौर, हरिकांत अहलूवालिया, सांसद अरुण गोविल, राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्धाज के सामने 90 में से सिर्फ दो एआईएमआईएम के पार्षद फजल करीम और मुस्लिम लीग के पार्षद रिजवान अंसारी ने प्रस्ताव का बहिष्कार किया। सदन की कार्रवाई के दौरान विरोध करने वाले पार्षद फजल करीम से भाजपा पार्षद अरुण मचल ने माइक छीना और उनकी छाती में घूंसा मार दिया। माहौल गर्माया तो भाजपा पार्षदों ने प्रस्ताव को पास-पास कहकर राष्ट्रगान शुरू कर दिया। महापौर का कहना कि सदन में प्रस्ताव पास हो गया है। गलत मानसिकता वाले पार्षदों ने बेवजह हंगामा किया है। वहीं बोर्ड बैठक में सपा और कांग्रेस के पार्षद चुप रहे, उनका कोई रुख सामने नहीं आया।