यूपी में नहीं आएंगे, बाबा की पुलिस के आगे नही आएंगे। यह कहते हुए गिड़गिड़ाता यह शख्स कोई और नहीं, बल्कि दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाला पांचवां आरोपी रामनिवास है। मुठभेड़ में घायल रामनिवास पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा।
अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। बीते दिनों दो बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया गया था। जबकि दो आरोपियों नकुल व विजय को बीते दिन दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब पांचवें आरोपी रामनिवास को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने इस मामले को काफी गंभीरता से लिया है। एक-एक कर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जा रहा है।
आपको बता दें कि बरेली के शहर कोतवाली इलाके में चौपुला के पास अभिनेत्री के घर पर हुई फायरिंग का मामला देश भर में सुर्खियों में है। यूपी एसटीएफ, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में गाजियाबाद में दो बदमाशों रविंद्र व अरुण को बुधवार को ढेर कर दिया था। 17 वर्ष के दो आरोपी शुक्रवार की सुबह दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए।
एसएसपी अनुराग आर्य ने मुठभेड़ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रामनिवास उर्फ दीपक उर्फ दीपू के दाएं पैर में गोली लगी है। वह राजस्थान के गांव बेडकला, थाना जैतारण, जिला बियावर का निवासी है। उससे एक पिस्टल व कुछ कारतूस मिले हैं। मौके पर बदमाशों की बाइक पड़ी मिली। वह 25000 रुपये का इनामी है। उसे फतेहगंज पश्चिमी सीएचसी में भर्ती कराया गया।
आरोपी ने कबूल किया कि वह दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने आए बदमाशों का साथी था। उसे रेकी की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके अलावा घटना के लिए एक चोरी की बाइक का जुगाड़ करने की जिम्मेदारी उसे दी गई थी। एसएसपी ने बताया कि रेकी रामनिवास ने ही की, वह घटना के दौरान भी आसपास ही था। हालांकि उसने सफाई दी कि घटना से पहले वह चला गया था।