फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिंहस्थ लैंड पुलिंग: कोठी परिसर क्षेत्र में किसानों ने मनाया जश्न, सरकार के निर्णय का किया स्वागत

Tue, 18 Nov 2025 04:07 PM IST
उज्जैन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उज्जैन

उज्जैन विकास प्राधिकरण की लैंड पुलिंग के जरिए स्पिरिचुअल सिटी बनाने की योजना को निरस्त कराने वाले किसानों ने आज मंगलवार को कोठी पैलेस परिसर में जश्न मनाया। ढोल लेकर पहुंचे किसान ताल पर जमकर थिरके। इस दौरान उन्होंने माटी पूजन कर संदेश दिया। करीब 10 महीने तक संघर्ष करने वाले किसानों के साथ भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी भी थे।

उज्जैन विकास प्राधिकरण ने स्पिरिचुअल सिटी बनाने के लिए जनवरी में चार योजनाएं घोषित की थीं। इन्हें टीडीएस 8, 9, 10 और 11 नाम दिया गया था। योजना के तहत 17 गांव के करीब 1800 किसानों की 2400 हेक्टेयर जमीन को लैंडपुलिंग के जरिए विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया था। इस संबंध में प्राधिकरण प्रशासन ने दावे-आपत्ति बुलाने से लेकर सुनवाई तक की प्रक्रिया पूरी कर ली थी।

योजना को लेकर पहली बार आपत्ति फरवरी में आई थी, जब किसानों ने लैंड पुलिंग में जमीन देने से इंकार कर दिया था। इनमें भाजपा और आरएसएस से जुड़े किसानों की संख्या काफी थी। खेती की जमीन का मसला सामने आने पर भारतीय किसान संघ भी सामने आया और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र और राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने उज्जैन विजिट की थी। शुक्रवार और शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय से आए अफसरों ने किसानों से योजना की जानकारी ली थी और इसके बाद ही योजना निरस्त करने का खाका तैयार हो गया था।

ये भी पढ़ें-किसानों के आंदोलन से पहले बड़ा फैसला: उज्जैन में लैंड पूलिंग निरस्त, CM बोले-पूरा विश्व देखेगा सिंहस्थ का वैभव

सिंहस्थ लैंडपुलिंग को लेकर दो मीटिंग हुई
पहली मीटिंग नई दिल्ली में भारतीय किसान संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी से सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ हुई। कुलकर्णी ने सारी बातों को समझने के बाद डॉ. यादव को प्रदेश इकाई से संपर्क करने का कहा। रात 8 बजे भोपाल में भारतीय किसान संघ के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सीएम और सीएस अनुराग जैन की बैठक हुई। संघ की तरफ से प्रांतीय संगठन मंत्री अतुल कोठारी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री महेश चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष कमलसिंह आंजना, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा शामिल हुए। इसमें सिंहस्थ को भव्य और वैभवशाली बनाने के लिए योजना को वापस लेने पर सहमति बनी।

किसने क्या कहा....
सिंहस्थ क्षेत्र के लिए विकास प्राधिकरण की लैंड पुलिंग को सरकार ने निरस्त करने का अच्छा फैसला किया है। अब सभी किसान सिंहस्थ आयोजन में प्रशासन की मदद करेंगे। श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। सिंहस्थ को हम दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन बनाएंगे।
- कमलसिंह आंजना, प्रदेश अध्यक्ष भारतीय किसान संघ

सिंहस्थ क्षेत्र की लैंडपुलिंग योजना निरस्त कर मोहन यादव सरकार ने सराहनीय कदम उठाया है। हम सब मिलकर सिंहस्थ को ऐतिहासिक बनाएंगे। हर श्रद्धालु सिंहस्थ का वैभव देखेगा।
- सुरेंद्र चतुर्वेदी, सिंहस्थ किसान संघर्ष समिति

सिंहस्थ क्षेत्र की लैंड पुलिंग योजना निरस्त कर दी गई है। अब हमारा फोकस बुनियादी इंफ्रा विकसित करने पर है। किसान सहयोग कर रहे थे, आगे भी उनके सहयोग से सिंहस्थ को ऐतिहासिक बनाएंगे।
- रौशनकुमार सिंह, कलेक्टर

उज्जैन सरकार ने किसानों की चिंता पाली है। यह अच्छा फैसला है। सरकार आगे भी किसानों का ख्याल रखेगी।
-गोविंद शर्मा किसान संघर्ष समिति

सरकार का फैसला सराहनीय है। हम सब मिलकर सिंहस्थ को भव्य और ऐतिहासिक बनाएंगे।
-  भारतसिंह बैस, प्रदेश मंत्री भारतीय किसान संघ

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें