टीकमगढ़ में रविवार की दोपहर महेंद्र सागर तालाब में 12वीं की छात्रा ने छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से लड़की की तलाश शुरू की।
जानकारी के अनुसार दोपहर टीकमगढ़ शहर के ललितपुर रोड पर स्थित महेंद्र सागर तालाब में करीब 2:00 बजे के आसपास एक छात्रा पहुंची, जो काफी देर तक वहां पर बैठी रही। इसके बाद उसने तालाब में छलांग लगा दी। पास में स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तालाब किनारे छात्रा का मोबाइल पानी की बोतल और चप्पल बरामद की। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि छात्रा का नाम रचना कुशवाहा है, जो अपने नाना नानी के यहां रहकर के टीकमगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 4 किलोमीटर दूर मड़ुमर गांव में रहती थी और पठा गांव में पढ़ती थी। घर से टीकमगढ़ जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन दोपहर में वह टीकमगढ़ के तालाब में पहुंच गई और उसने छलांग लगा दी। इसके बाद पुलिस ने उसकी परिजनों को सूचना दी तो परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं और तालाब में होमगार्ड जवानों की सहायता और गोताखोरों की सहायता से लड़की की तलाश शुरू की।
उत्तर प्रदेश की रहने वाली है रचना
परिजनों ने बताया कि टीकमगढ़ जिले के मडुमर गांव में वह अपने नाना नानी के यहां रह करके पढ़ाई करती थी। वह मूलत उत्तर प्रदेश के जनपद ललितपुर के गांव सीतापुर की रहने वाली है। उन्होंने बताया कि एक महीने पहले भी रचना कुशवाहा ने बालों में लगाई जाने वाली डाई पी ली थी, जिस पर हालत बिगड़ गई थी। झांसी मेडिकल कॉलेज में करीब उसका एक महीने तक इलाज चला था। कोतवाली पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है और गोताखोरों और होमगार्ड के जवानों के माध्यम से लड़की की तलाश की जा रही है।