श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दूसरे दिन मंगलवार को नंद उत्सव धूमधाम से मनाया गया। नगर के द्वारकाधीश मंदिर, गोवर्धन नाथ मंदिर सहित अन्य कृष्ण मंदिरों में भगवान बाल गोपाल को पालने में झुलाया गया, जिससे श्रद्धालु अभिभूत हो गए।
मंदिरों में नंदलाल के दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा, जहां भक्तों ने एक-दूसरे को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की बधाइयां दीं और मखाने और खिलौने लुटाए। मंगलवार सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालु भजन-कीर्तन और नृत्य में मग्न रहे, और भगवान की आरती कर वातावरण को धर्ममय बना दिया। नंद उत्सव के अवसर पर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। द्वारकाधीश और गोवर्धन नाथ मंदिर में विशेष सजावट के साथ बाल गोपाल के मनोरंजन के लिए खेल-खिलौने भी रखे गए हैं। भगवान श्रीकृष्ण को सुंदर झूलों में झुलाया गया, जिससे मंदिरों में जन्माष्टमी का उल्लास और भी बढ़ गया। भक्तों को प्रसाद वितरण भी किया गया। मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की खुशी और आस्था का माहौल छाया हुआ है।