शाजापुर में नेशनल हाई-वे पर गुरुवार को चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। फोरलेन की एक लेन पर काफी देर तक यातायात रूका रहा। वाहनों के पहिए थमे रहे। करीब आधा घंटा मशक्कत के बाद कार में लगी आग बुझाई गई। तब आकर स्थिति सामान्य हुई और हाईवे पर दोनों लेन पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी। आगजनी की जानकारी लगने पर मौके पर शाजापुर जिले के मक्सी और उज्जैन जिले के तराना थाना क्षेत्र की पुलिस पहुंची।
मक्सी थाना प्रभारी भीम सिंह पटेल ने बताया कि शाजापुर से करीब 20 किलोमीटर दूर मक्सी के समीप चलती कार में आग लग गई। कार में आग लगने पर उसमें सवार कैलाश झाला और किरण झाला ने रोड के किनारे कार को रोक दिया। उन्होंने कार से कूदकर अपनी जान बचाई। वे दोनों मक्सी में रहने वाले अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे।कार में काफी देर तक आग की लपटें उठती रहीं। मौके पर काफी लोगों की भीड़ लग गई। दमकल वाहन ने आग बुझाने में मदद की। करीब आधा घंटे बाद आग बुझ सकी। पुलिस ने रोड पर स्टापर लगाकर यातायात को रोका।
गर्मी में रखें विशेष ध्यान
पुलिस का कहना है कि गर्मी के दिनों में आगजनी के मामले बढ़ी संख्या में सामने आते हैं। इनमें चलते वाहनों में आग लगने की घटनाएं भी शामिल हैं। तापमान अधिक होने के साथ ही वाहन के रखरखाब में लापरवाही ऐसे हादसों का कारण रहती हैं। आगजनी से बचने के लिए गर्मी के दिनों में वाहन संचालन में सावधानी रखनी चाहिए। आगजनी का कारण लूज या काफी पुरानी वायरिंग, शार्ट सर्किट, वाहन के साथ ही टायरों का अधिक गर्म होना है। इसके अलावा कई बार तकनीकि खामियों के कारण भी ऐसे हादसे होते हैं।