शहडोल जिले के ब्यौहारी के साखी गांव में तहसीलदार के साथ रेत माफिया ने गाली गलौज कर अभद्रता की और रेत से भरा ट्रैक्टर तालाब में उतार कर माफिया ने तहसीलदार के सामने ही ट्रॉली से तालाब में रेत गिरा दी। घटना के बाद तहसीलदार ने मामले की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारी के साथ पुलिस को दी। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर थाने में खड़ा करवाकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
ब्यौहारी तहसीलदार शनि द्विवेदी ने बताया कि वह साखी गांव में एक जमीनी विवाद के मामले में जा रहे थे, जहां उन्हें सीमांकन की प्रक्रिया करवानी थी, तभी रास्ते में राजस्व की भूमि से एक ट्रैक्टर में रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। तहसीलदार के वाहन चालक ने ट्रैक्टर से साइड लेने के लिए हूटर बजाए तो रेत का ट्रैक्टर चला रहे चालक ने फोन कर अपने वाहन मालिक आशीष तिवारी को इसकी जानकारी दी। आशीष तिवारी गांव का ही रहने वाला है। तहसीलदार के वाहन को साइट देते हुए ट्रैक्टर चालक वाहन को खड़ा कर मौके से भाग गया। जब तक ट्रैक्टर मालिक आशीष तिवारी मौके पर पहुंच गया। ट्रैक्टर मालिक को लगा कि तहसीलदार उसके वाहन को जब्त करने पहुंचे हैं।
ये भी पढ़ें- दिनदहाड़े दबंगई! सतना में बाइक सवार युवक को कट्टा दिखाकर धमकाया, सड़क पर लिटाकर बेरहमी से पीटा
तभी रेत माफिया ने तहसीलदार शनि द्विवेदी से झगड़ा शुरू कर अपने भतीजे को बुलाकर तहसीलदार से गाली गलौज करने लगा और ट्रैक्टर में लोड रेत को लेकर आरोपी का भतीजा पास में स्थित तालाब में वाहन को उतारकर लोड रेत को तालाब के पानी में गिरा दिया। तब तहसीलदार ने बताया कि वह सीमांकन के मामले में यहां पहुंचे थे, तुम्हारे वाहन को जब्त करने नहीं आए हैं। तब आरोपियों ने तहसीलदार से झगड़ते हुए कहने लगे कि तुम्हें अधिकार नहीं है, तुम मेरे वाहन को जब्त करो। इस बीच तहसीलदार शनि द्विवेदी के साथ माफिया ने गाली गलौज कर झूमा झटकी की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर और ट्रॉली को पुलिस ने आरोपी के घर से जब्त किया है। रेत तो आरोपी ने पहले ही तालाब के पानी में गिरा दी थी, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ये भी पढ़ें- ब्यौहारी में मिठाई खाने के बाद बिगड़ी बालिका की तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस
तहसीलदार शनि द्विवेदी ने कहा कि रेत माफिया ने विवाद करते हुए मुझसे झूमा झटकी की और पास में स्थित तालाब में रेत खाली कर ट्रैक्टर ट्रॉली को माफिया अपने घर ले गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने माफिया के घर से ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर कार्यवाही शुरू की है। घटना के बाद माफिया अब उलटा तहसीलदार पर मारपीट का आरोप लगा रहा है।