जिले के अमरपाटन से NH 30 बाईपास में अरोपी विपिन पटेल ने अपने साथियों के साथ दो नाबालिगों को चोरी के शक में बंधक बनाकर उनके साथ बर्बरतापूर्ण तरीके से मारपीट कर वीडियो वायरल किया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर थाना अमरपाटन में एसटी-एससी एक्ट सहित कई धाराओं में आरोपी विपिन पटेल सहित अन्य के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया।
घटना की एफआईआर दर्ज होने के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। आज अमरपाटन थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घटना के मुख्य आरोपी विपिन पटेल को घेराबंदी करके गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में आरोपी और उसके साथियों द्वारा दो नाबालिगों को चोरी के शक में पकड़कर बर्बरता की हद तक मारपीट की गई। इतना ही नहीं लातों से पीटने के बाद जातिगत गाली-गलौज भी की गई। कानून को हाथ में लेकर आरोपियों द्वारा किए गए इस कृत्य से पुलिस पर भी सवाल खड़े हो गए थे।