सागर पुलिस ने आम नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए गुम और चोरी हुए 112 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए। साइबर सेल और पुलिस टीम की तकनीकी जांच से बरामद किए गए इन मोबाइल फोन की कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई गई है।
सागर पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग सुजानिया ने मोबाइल फोन उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
पढ़ें: एमपी के इस शहर में क्यों बस के आगे खड़ी हो गईं छात्राएं, SDM को आना पड़ गया
IMEI ट्रैकिंग और सर्विलांस से मिली सफलता
पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोबाइल गुम और चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच साइबर सेल को सौंपी गई। पुलिस और साइबर सेल की टीम ने अत्याधुनिक तकनीक, सर्विलांस और IMEI ट्रैकिंग की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। देश और प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए गए। दस्तावेजों और धारकों का सत्यापन करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
एसपी ने नागरिकों से की अपील
कार्यक्रम के दौरान एसपी अनुराग सुजानिया ने लोगों से मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर शिकायत मिलने से साइबर सेल तकनीकी जांच और IMEI ट्रैकिंग के जरिए मोबाइल फोन को जल्दी ट्रेस कर सकती है। मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने सागर पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।