मध्य प्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां काकागंज वार्ड में रहने वाले 45 वर्षीय देवेंद्र कबीरपंथी ने आर्थिक तंगी और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सामने आए सुसाइड वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पैसों के लेनदेन को लेकर थे परेशान
मृतक देवेंद्र कबीरपंथी पेशे से प्रेशर मशीन से ड्रिलिंग का कार्य करते थे। परिजनों के मुताबिक, पिछले काफी समय से वे पैसों के लेनदेन को लेकर गहरे मानसिक तनाव में थे। बुधवार रात करीब 12 बजे उन्होंने घर के कमरे में जीवनलीला समाप्त कर ली। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में ग्रामीणों का पथराव, केन बेतवा लिंक परियोजना से पीड़ित लोग आक्रोशित
वीडियो में खुलासे से मचा हड़कंप
मृतक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसे परिजनों ने पुलिस और मीडिया के सामने पेश किया है। वीडियो में देवेंद्र ने अपनी मौत का जिम्मेदार हेमंत ठाकुर नाम के व्यक्ति को ठहराया है। देवेंद्र का आरोप है कि उनके डेढ़ लाख रुपये वापस नहीं किए जा रहे थे। बकाया रकम न मिलने के कारण वे भारी आर्थिक संकट और मानसिक दबाव में हैं।
परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मृतक के भाई पूरन कोरी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग देवेंद्र पर लगातार दबाव बना रहे थे। परिजनों ने मोतीनगर थाना पुलिस से गुहार लगाई है कि वीडियो को साक्ष्य मानकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के तथ्यों और वीडियो के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।