मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एकतरफा प्यार में आप नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ने एक युवती का अपहरण कर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद उस पर शादी का दबाव भी डाला। युवती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बाहर निकली और पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पूरा मामला रीवा जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र का है। घटना उस समय हुई युवती किसी काम से स्टेडियम तिराहे के पास जा रही थी, तभी आरोपी गौरव वर्मा ने उसे सस्ते लैपटॉप दिलाने का लालच देकर अपनी कार में बैठा लिया। युवती गौरव के साथ पहले काम कर चुकी थी, ऐसे में वह भरोसा कर उसके साथ आसानी से कार में बैठ गई। गौरव उसे बायपास, कैलाशपुरी, रिंग रोड सहित अन्य स्थानों पर घुमाने के बाद नेहरू नगर स्थित एक घर में ले गया। वहां उसने युवती के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसे बंधक बना लिया। गौरव और उसके साथी इस दौरान बाहर खाना लेने गए थे। इसी बीच, ड्राइवर ने कमरे का दरवाजा खोलकर युवती को छुड़ाया और उसे सुरक्षित घर तक पहुंचाया। घर पहुंचने पर युवती ने अपनी आपबीती परिजनों को सुनाई, जिसके बाद वे उसे लेकर थाने पहुंचे।
कौन है गौरव वर्मा?
गौरव वर्मा पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और दिल्ली में एक आईटी कंपनी में अच्छी नौकरी करता था। इस दौरान उसका झुकाव आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ बढ़ा और अरविंद केजरीवाल से उसकी नजदीकी बढ़ी। गौरव ने अपनी नौकरी छोड़ दी और 2018 में रीवा विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उसकी जमानत जब्त हो गई और हार के बाद उसकी आर्थिक स्थिति भी खराब हो गई। गौरव पहले से शादीशुदा था, लेकिन चुनाव के बाद उसका तलाक हो गया था।