फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शादी में खूनी बवाल: नर्मदापुरम में नशे में पहुंचे युवक ने की चाकूबाजी, एक की मौत, छह लोग हुए घायल; अफरातफरी

Mon, 20 Apr 2026 12:34 PM IST
नर्मदापुरम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नर्मदापुरम

नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरकोला में रविवार रात एक शादी समारोह अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। मामूली विवाद के बाद हुई चाकूबाजी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान दौलत कीर के रूप में हुई है। सभी घायलों का इलाज नर्मदापुरम के एक निजी अस्पताल में जारी है। पुलिस के मुताबिक, गांव में रामनारायण के भतीजे की शादी का कार्यक्रम चल रहा था।

इसी दौरान अमर सिंह कीर नशे की हालत में वहां पहुंचा और खाने को लेकर विवाद करने लगा। भीड़ अधिक होने के कारण मौजूद लोगों ने उसे समझाकर घर भेज दिया। कुछ देर बाद वह अपने बेटे लोकेश कीर के साथ वापस लौटा। इस बार अमर सिंह के हाथ में डंडा था, जबकि लोकेश चाकू लेकर आया था। दोनों ने आते ही फिर से विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर दूल्हे के चाचा हरिनारायण बीच-बचाव के लिए आगे आए, लेकिन लोकेश ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे दौलत कीर, रामनारायण कीर, जयनारायण कीर और क्षमा कीर भी हमले का शिकार हो गए। आरोपियों ने सभी पर चाकू से वार किए। गंभीर रूप से घायल दौलत कीर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पढ़ें:  भोपाल में भाजपा की आक्रोश रैली आज, जन-जन को बताएंगे विपक्षी दलों की असलित, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव पुलिस एक्शन 
घटना की सूचना मिलते ही रात करीब 1 बजे पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी केएन रजक के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सुनील, आरक्षक ओम जाट और दीपक आरोपियों को पकड़ने पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे। पीछा करने के दौरान आरक्षक ओम जाट ने अमर सिंह को पकड़ लिया, लेकिन इस दौरान आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। ओम जाट को पेट, हाथ और पैर में कुल नौ जगह चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें सिवनी मालवा से नर्मदापुरम रेफर किया गया।

एएसपी अभिषेक राजन के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं और लगातार तलाश जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें