फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Narmadapuram News: शराबी मास्टर का हाई वोल्टेज ड्रामा, आदिवासी बच्चों से जूते साफ कराने का आरोप

Fri, 03 Jul 2026 10:29 PM IST
नर्मदापुरम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नर्मदापुरम

शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला नर्मदापुरम जिले के केसला विकासखंड के रतिबंदर गांव से सामने आया है। यहां प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक गोपाल गिरि गोस्वामी पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने, कक्षा में फर्श पर लेटकर हाई वोल्टेज ड्रामा करने और आदिवासी बच्चों से अभद्र व्यवहार करते हुए उनसे अपने जूते साफ कराने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।

बताया जा रहा है कि शिक्षक कथित रूप से नशे की हालत में स्कूल पहुंचे और पढ़ाई कराने के बजाय कक्षा के अंदर फर्श पर लेट गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक स्कूल पहुंच गए। बच्चों से जानकारी लेने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और शिक्षक से सवाल-जवाब किए गए। वायरल वीडियो में शिक्षक एक जगह क्लासरूम में फर्श पर लेटे दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में वे स्कूल गेट पर ताला लगाते हुए और ग्रामीणों से माफी मांगते नजर आ रहे हैं।

ग्रामीणों और परिजनों का आरोप है कि शिक्षक लंबे समय से शराब पीकर स्कूल आता था और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करता था। आरोप यह भी है कि आदिवासी बच्चों से अपने जूते साफ कराए गए, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। इसके बाद ग्रामीण सीधे केसला थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

ये भी पढ़ें- प्रतिमा बागरी के जाति प्रमाण पत्र मामले में हाईकोर्ट सख्त, 60 दिन में जांच पूरी करने के आदेश

शिकायत के आधार पर पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग भी सक्रिय हो गया। जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) डॉ. राजेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही बीआरसी और जनशिक्षकों की टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई। शिक्षक का पंचनामा तैयार किया गया, ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

डीपीसी ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही सामने आने पर उन्हें निलंबित किए जाने का प्रस्ताव जनजातीय कार्य विभाग को भेज दिया गया है। विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई जारी है और निलंबन आदेश जल्द जारी होने की संभावना है।

इधर, पूरे घटनाक्रम से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई नहीं हुई, तो वे मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है। यदि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी तेज हो सकती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें