मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा पुलिस आरक्षक पर मारपीट का गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। खरगपुर गांव निवासी उषा जाटव ने आरोप लगाया है कि नूराबाद थाने के एक आरक्षक ने उसके साथ प्लास्टिक के पाइप से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
ये भी पढ़ें- शादी के नाम पर तगड़ा धोखा: सागर में मंडप सजने से पहले कहां गायब हो गई दुल्हन? टेंट भी लग चुका था; अब आगे क्या
पीड़िता उषा जाटव के अनुसार उसकी बेटी को गांव के ही दो युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। इस संबंध में उसने गुड़गांव में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बेटी के बालिग होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में बेटी के गांव में होने की जानकारी मिलने पर वह अपने पति के साथ गांव पहुंची और नूराबाद थाने में शिकायत करने गई। महिला का आरोप है कि कई बार थाने के चक्कर लगाने के बावजूद उसकी शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
ये भी पढ़ें- ऑनलाइन सीखकर छापने लगे नकली नोट, ढाबे पर चलाने पहुंचे तो पकड़ाए; 84 हजार के नकली नोट बरामद
महिला का कहना है कि कुछ दिन पहले पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे और उसे थाने चलने के लिए कहने लगे। जब उसने कारण पूछा तो पुलिसकर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया। इसी दौरान एक आरक्षक ने प्लास्टिक के पाइप से उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।मारपीट के आरोपों के बाद पीड़िता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित शिकायत सौंपी। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।