मध्यप्रदेश के खरगोन नगर के सिद्धी विनायक गणेश मंदिर के सामने स्थित घाट पर बैठे लोगों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां बैठी एक युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, गनीमत रही की उसे ऐसा करते देख कुछ युवकों की नजर पड़ गई और उन्होंने तुरंत नदी में कूदकर युवती को बचा लिया। लेकिन, तब तक पानी में डूबने के चलते वह बेहोश हो गई थी। जिसके कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, आईसीयू में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक युवती को बचाते हुए दिखाई दे रहे हैं ।
दरअसल, खरगोन शहर में गणेश मंदिर के पास कुंदा नदी के तट पर कुछ देर से अकेली बैठी एक युवती ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। इसी बीच रास्ते से गुजर रहे कुछ युवकों की नजर उस पर पड़ी तो वे उसे पानी में डूबने से बचाकर वापस सड़क तक ले आए। जिसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका उपचार आईसीयू वार्ड में किया जा रहा है। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस और तहसीलदार ने भी युवती की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही उसकी पहचान कर परिजनों तक सूचना पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। एक स्थानीय छात्र के अनुसार युवती खंडवा जिले के रहने वाली है। वह खरगोन के एक कॉलेज की सेकंड ईयर की छात्रा है। उसने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया अब तक यह साफ नहीं हो पाया है।
छात्रा को डूबने से बचाने वाले युवक प्रवीण मंडलोई और समीर खान ने बताया कि दोपहर बाद वे लोग लिंक रोड़ से गुजर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक युवती को नदी में छलांग लगाते देखा। उसे डूबता देख हमने भी बिना समय गवाएं नदी में छलांग लगा दी और युवती को बाहर निकाल लाये। तेज बहाव में बहने से वह बेहोश हो गई थी, इसलिए उसे अस्पताल में भर्ती करवाकर इलाज शुरू करवाया।
सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे प्रभारी तहसीलदार महेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि कुंदा नदी में डूब रही एक युवती को कुछ लोगों ने बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया है। अभी वह आईसीयू में भर्ती है। लेकिन, वह बोलचाल नहीं रही है। एक युवक से उसके बारे में जानकारी मिली है। उसके परिजनों से संपर्क का प्रयास किया जा रहा है।