मध्यप्रदेश के कटनी जिले में तेजी से बढ़ी चाकूबाजी पर लगाम लगाने कटनी पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से लिस्ट लेते हुए करीब 12 लोगों को गिरफ्तार करते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक जिले के करीब 60 लोगों ने चाकू के नाम पर धारदार हथियार अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों से ऑनलाइन मंगवाए हैं, जो कटनी में बढ़े अपराध का बड़ा जरिया बनते जा रहे हैं। कटनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऐसे 60 युवकों को चिन्हित किया है जो ऑनलाइन चाकू मंगाकर वारदातों में इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने अब तक लगभग 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। कटनी पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि शहर में चाकूबाजी की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- चंद घंटों में हत्या का खुलासा, साथियों ने ही ली थी युवक की जान, इसलिए उतारा था मौत के घाट
बता दें कटनी में पिछले तीन माह में करीब 1 दर्जन लोगों की जान चाकूबाजी के चलते जा चुकी है। इसमें सबसे चर्चित कोतवाली थाना क्षेत्र का चौपाटी चाकूकांड था, जहां तीन युवकों की मौत मामूली विवाद में गई थी तो वहीं अंतिम घटना माधवनगर की गलियों में खुलेआम गगन बजाज को चार लोगों ने मिलकर 12 वार करते हुए मौत के घाट उतारा था।
पुलिस ने अब तक सभी को आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया है, लेकिन ऑनलाइन आसानी से मिल रहे हथियार पर अब कटनी पुलिस की नजर पड़ चुकी है। पूरे मामले पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि जिले में चाकूबाजी रोकने कटनी पुलिस ने फ्लिपकार्ट और अमेजॉन से मंगवाई गई चाकुओं की निगरानी करने लिस्ट मंगवाई गई है। इसमें कटनी में 50 से 60 लोग चिन्हित किए गए हैं जिसमें से कुठला पुलिस ने एक बालिका तो चार नाबालिग लड़कों को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही कोतवाली और रंगनाथ पुलिस भी 24 घंटे के भीतर अन्य लोगों को चिन्हित करते हुए जल्द गिरफ्तार करेगी।