फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमोह डकैती कांड: सूखी पिपरिया मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, 16.70 लाख का माल बरामद; दो बदमाश अब भी फरार

Thu, 23 Jul 2026 11:35 AM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी के सूखी पिपरिया गांव में गल्ला व्यापारी के घर हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को कटनी-मुड़वारा से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8.20 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी बरामद की है।

इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 16.70 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया जा चुका है। बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने सीएसपी एच.आर. पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय और नरसिंहगढ़ चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी की मौजूदगी में पूरे मामले का खुलासा किया।

कटनी से दबोचे गए आरोपी
पुलिस ने फरार आरोपी रानू पटेल निवासी बेर किसुनगंज और दीपक उर्फ दीपू बंसल निवासी वार्ड क्रमांक-1, पथरिया को कटनी-मुड़वारा से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर दो सोने की चेन, एक सोने की करधनी और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 8.20 लाख रुपये बताई गई है।

अब तक चार आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि इससे पहले पुलिस ने शंकर यादव और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और एक मोटरसाइकिल सहित 8.50 लाख रुपये का माल बरामद किया था। दोनों नई गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में अब तक चार आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जबकि रोहित अहिरवार और उसका साथी मोनू अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

आदतन अपराधी हैं दोनों आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। रानू पटेल के खिलाफ पहले से 8 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि दीपक उर्फ दीपू बंसल पर 14 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

आठ टीमें बनाकर कई राज्यों में की गई तलाश
डकैती की वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ विशेष टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने मध्यप्रदेश के अलावा हरियाणा, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम तक आरोपियों की तलाश की। लगातार तकनीकी और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस को यह सफलता मिली।

चार जुलाई की रात व्यापारी के घर हुई थी डकैती
गौरतलब है कि 4 जुलाई की रात सूखी पिपरिया गांव में गल्ला व्यापारी विजय जैन के घर छह बदमाशों ने कट्टे की नोक पर धावा बोला था। बदमाशों ने विजय जैन और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूट ली थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

ये भी पढ़ें- 'कीड़ा' टिप्पणी विवाद: सिंघार पर पलटवार,मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बोले-ऐसा कहा ही नहीं, करूंगा मानहानि का मुकदमा

एसपी बोले- बाकी आरोपी भी जल्द होंगे गिरफ्तार
एसपी आनंद कलादगी ने कहा कि मामले में शामिल फरार आरोपियों की पहचान हो चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर पूरे डकैती कांड का खुलासा कर दिया जाएगा। अब तक की कार्रवाई में 16.70 लाख रुपये का मशरूका बरामद कर लिया गया है, जो जांच में बड़ी सफलता है। 16 लाख से अधिक का मशरूका बरामद - फोटो : credit  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें