फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: तेज बारिश के बीच गिरी बिजली, मासूम की गई जान; नानी की हालत गंभीर उपचार जारी

Fri, 03 Jul 2026 02:25 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह के पथरिया थाना क्षेत्र के नंदरई गांव में गुरुवार शाम तेज बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में मामा के घर आई दो वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी नानी गंभीर रूप से झुलस गईं। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम जिले में तेज बारिश के साथ लगातार आकाशीय बिजली चमक रही थी। इसी दौरान नंदरई गांव निवासी गोलू आदिवासी के घर पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली गिरने की तेज धमक और प्रभाव से घर में मौजूद उनकी दो वर्षीय भांजी देवांशी पिता राजेश गौंड आदिवासी बेहोश हो गई, जबकि उनकी मां 58 वर्षीय केशरानी पति नत्थू आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिजन तत्काल दोनों को पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम देवांशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं केशरानी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. चक्रेश चौधरी की निगरानी में घायल महिला का उपचार किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

मामा ने बताया हादसे का घटनाक्रम
मासूम के मामा गोलू आदिवासी ने बताया कि उनकी बहन अपनी बेटी देवांशी के साथ मायके आई हुई थी। गुरुवार शाम अचानक घर पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में उनकी भांजी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जुटाई जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की ओर से पटवारी हरिशंकर सोनी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। प्रशासन नियमानुसार आगे की कार्रवाई में जुटा है।

ये भी पढ़ें- Indore News: दौसा बस हादसे में मृत यात्रियों के शव इंदौर आए, दोनों सरकारों की तरफ मुआवजा तक नहीं मिला

जिले में बारिश का व्यापक असर
गुरुवार को दमोह जिले में कई क्षेत्रों में भारी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक असर तेंदूखेड़ा ब्लॉक में देखने को मिला, जहां ब्यारमा नदी उफान पर होने से तेंदूखेड़ा-तारादेही मार्ग बाधित रहा। कई छोटी पुलियां पानी में डूब गईं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।    

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें