फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमोह में जुआ खेलने से रोका तो बरपा कहर: खजरी मोहल्ला में घर पर पथराव, दो घायल; कार में तोड़फोड़

Sun, 14 Jun 2026 08:29 AM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खजरी मोहल्ला में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जुआ खेलने और गाली-गलौज का विरोध करने पर उपद्रवियों ने एक परिवार के घर पर धावा बोल दिया। शराब के नशे में धुत आरोपियों ने घर पर जमकर पथराव किया, जिसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। हमले के दौरान घर के बाहर खड़ी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

पीड़ित नरेन्द्र अहिरवार ने बताया कि वह शनिवार देर रात ड्यूटी से घर लौटे थे। इसी दौरान घर के पीछे कुछ युवक जुआ खेल रहे थे और तेज आवाज में गाली-गलौज कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया और वहां से हटने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गए। कुछ ही देर बाद करीब दो दर्जन लोग एकत्रित होकर उनके घर के बाहर पहुंच गए और देखते ही देखते ईंट-पत्थरों की बारिश शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से परिवार के लोग घबरा गए और घर के भीतर जान बचाने के लिए छिप गए।

पथराव में पिता-पुत्र घायल, अस्पताल में कराया गया उपचार
उपद्रवियों द्वारा किए गए पथराव में नरेन्द्र अहिरवार के पुत्र अभिषेक अहिरवार तथा पिता शंकर अहिरवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर लगातार पत्थर फेंकते रहे, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सड़क पर बड़ी संख्या में ईंट और पत्थर बिखर गए थे।

ये भी पढ़ें- आवासीय मकानों में दुकान खोली तो खैर नहीं, हाउसिंग बोर्ड ने दिया अल्टीमेटम; 3 नोटिस के बाद निरस्त होगी लीज

महिलाओं ने दरवाजे बंद कर बचाई जान
हमले के दौरान घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महिलाओं ने तत्काल घर के दरवाजे बंद कर लिए और अंदर ही सुरक्षित रहने का प्रयास किया। परिवार का आरोप है कि यदि समय रहते पुलिस नहीं पहुंचती तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

कार में की तोड़फोड़, मोहल्ले में फैली दहशत
उपद्रवियों ने घर के बाहर खड़ी कार को भी निशाना बनाया। वाहन के शीशे और अन्य हिस्सों में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात का जायजा लेने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद खजरी मोहल्ला सहित शहर के विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।

पुलिस टीम ने सब्जी मंडी, कृषि उपज मंडी, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से जुआ, सट्टा, शराबखोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं।

शेष आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। पथराव के बाद पत्थरों से पट गई गली।
  मौके पर पहुंची पुलिस
  मौके पर पहुंची पुलिस  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें