फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh: भालू के जबड़े में फंसी महिला, शोर मचाने पर कुत्तों ने जान पर खेलकर बचाई जिंदगी; गश्त बढ़ाने की उठी मांग

Thu, 28 May 2026 08:40 AM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

दमोह के मडियादो थाना क्षेत्र के तालगांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तेंदूपत्ता तोड़ रही एक वृद्ध महिला पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। भालू ने महिला का हाथ अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे घसीटने लगा। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद कुत्ते भालू पर टूट पड़े, जिसके बाद भालू महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। गंभीर रूप से घायल महिला को डायल-112 की मदद से मडियादो स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

घायल महिला की पहचान 70 वर्षीय सुमत रानी आदिवासी निवासी तालगांव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि महिला सुबह अपने खेत में तेंदूपत्ता तोड़ रही थी। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले भालू ने उस पर हमला कर दिया।

महिला के बेटे मोती आदिवासी ने बताया कि उसकी मां खेत में अकेली काम कर रही थी। अचानक भालू ने पीछे से हमला कर दिया और मां के हाथ को मुंह में दबाकर खींचने लगा। मां के जोर-जोर से चिल्लाने पर खेत के आसपास घूम रहे कुत्ते भौंकते हुए भालू की तरफ दौड़े। कुत्तों के हमले से भालू घबरा गया और महिला का हाथ छोड़ दिया।

परिजनों के अनुसार, शोर सुनकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और पत्थर फेंककर भालू को जंगल की तरफ भगाया। इसके बाद तत्काल पुलिस और डायल-112 को सूचना दी गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए मडियादो स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: त्विषा की सास गिरिबाला सिंह को बड़ा झटका, एमपी हाई कोर्ट ने रद्द की अग्रिम जमानत याचिका

घटना की सूचना वन विभाग को भी दी गई है। वन अमला मौके की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विभाग की ओर से घायल महिला को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि तालगांव के पास ही पन्ना टाइगर रिजर्व का जंगल क्षेत्र लगा हुआ है। गर्मी के दिनों में तेंदूपत्ता सीजन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल और खेतों की ओर जाते हैं। इसी दौरान भालू और अन्य जंगली जानवर आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। क्षेत्र में भालुओं की संख्या अधिक होने से पहले भी कई बार तेंदूपत्ता तोड़ने वाले ग्रामीणों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल किनारे गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।      

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें