दमोह जिले में रंग पंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहरभर में लोग रंग-गुलाल उड़ाकर होली खेल रहे हैं। बुधवार दोपहर शहर के पुराने थाना क्षेत्र से युवाओं ने भगवान शिव की नंदी पर सवारी वाली भव्य झांकी निकाली। झांकी के साथ सैकड़ों श्रद्धालु रंग-गुलाल उड़ाते हुए चल रहे थे। डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया।
ये भी पढ़ें- लाखों लोगों का उत्साह, रंगों की बौछार; तस्वीरों में देखिए इंदौरी रंगपंचमी के रंग
भव्य झांकी और उत्सव का आयोजन
पुराने थाना क्षेत्र से निकली झांकी शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। भगवान शिव की नंदी पर सवार झांकी ने भक्तों को आकर्षित किया। इस दौरान श्रद्धालु रंगों में सराबोर होकर जयकारे लगाते रहे।
व्यापारी महासंघ की होली मिलन समारोह
शहर में विभिन्न जगहों पर होली मिलन समारोह आयोजित किए गए। युवा व्यापारी महासंघ ने बड़ी देवी मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम रखा, जिसमें अजब धाम के संत छोटे सरकार विशेष रूप से शामिल हुए। यहां ब्रज की होली खेली गई, जिसमें कलाकारों ने बरसाने की होली का नृत्य प्रस्तुत किया। फूलों और रंगों से खेली गई इस होली में व्यापारी वर्ग सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
ये भी पढ़ें- गेर समाप्त होने के डेढ़ घंटे के भीतर चकाचक हो गई सड़कें, पहले कचरा उठा, फिर मशीनों से धुली सड़कें
शांति व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की है। शहरभर में पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस बल तैनात किया जाएगा। दमोह में धुरेड़ी की अपेक्षा रंग पंचमी का पर्व अधिक धूमधाम से मनाया जाता है। इस मौके पर बुंदेलखंड की प्रसिद्ध फाग गाई जाती है और लोग बुंदेली भजनों पर जमकर थिरकते हैं।