दमोह जिले के हटा ब्लॉक में आने वाले मड़ियादो कस्बे के महावीरन मुहल्ले में रहने वाले हाकम सिंह के घर में दो सांप घुस आए। इसमें एक कोबरा सांप ने दूसरे सांप को निगल लिया था। घर के लोगों ने पांच फीट लंबा कोबरा सांप देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद सर्प विशेषज्ञ ने रेस्क्यू किया और सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ा।
घटना गुरुवार शाम की है जब हाकम सिंह के घर कोबरा सांप दिखने पर हड़कंप मच गया। सांप होने की सूचना स्थानीय निवासी और सर्प विशेषज्ञ नवीन खान को दी गई। रेस्क्यू के दौरान पकड़ा गया सांप एक दूसरे सांप को पूरा निगला हुआ था। रेस्क्यू के दौरान सांप ने निगले हुए सांप को उगल दिया। जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरत में पड़ गए। इसके अलावा सांप जोर-जोर से फुस्कारने लगा और फन बनाकर लोगों को डसने के लिए बढ़ने लगा। सर्प मित्र नवीन खान ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान यह पहला मामला है जब सांप दूसरे सांप को निगले हुए था। अभी तक सांप को रेस्क्यू के दौरान मेढ़क, चूहे आदि को निगले हुए अनेक बार देखा है, लेकिन सांप ने सांप को निगला यह पहली बार देखा है। रेस्क्यू कर सांप को वफर क्षेत्र जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
ये भी पढ़ें- पेंट हाउस अग्निकांड-हाईटेक लाॅक सिस्टम और रूम पैक होने से धुआं बाहर नहीं निकल पाया
ग्रामीणों ने की लापरवाही
रेस्क्यू के दौरान ग्रामीणों द्वारा की गई लापरवाही का नजारा भी यहां देखने मिला। सर्प विशेषज्ञ द्वारा कोबरा सांप को पकड़कर जिस बोरी के अंदर डाला गया था। ग्रामीणों ने वह बोरी फटी हुई दी थी। सांप को जैसे ही बोरी में डाला और सर्प विशेषज्ञ रस्सी ढूंढने निकल गया। तभी फटी हुई बोरी से सांप बाहर आ गया। यदि इसी दौरान किसी ग्रामीण को वह डस लेता तो एक बड़ी घटना भी हो सकती थी। इसके बाद लोगों ने भी उस व्यक्ति को डांटा जिसने लापरवाही करते हुए यह फटी बोरी दी थी। तब एक दूसरी बोरी में इस जहरीले सांप को डालकर फिर उसे जंगल में छोड़ा गया।