पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की शुरू।
छिंदवाड़ा जिले में भागवत कथा सुनने निकले दंपत्ति एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गए। दंपति ग्रामीण सड़क से निकलकर मुख्य मार्ग पर आए, तो एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिंगोड़ी के बाबई निवासी 45 वर्षीय जयवंती पति श्रीरसराम मंडलोई गुरुवार को अपने पति के साथ टीवीएस एक्सएल से सारना में आयोजित भागवत कथा सुनने जा रही थीं। शाम करीब 5 बजे मेघासिवनी से मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही एक बेलगाम ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जयवंती का सिर बुरी तरह कुचल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में श्रीरसराम मंडलोई गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका एक पैर टूट गया और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के दौरान उनका वाहन भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए यह हादसा किया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि ऐसे बेलगाम वाहनों पर लगाम लगाने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।