मध्य प्रदेश के पांढुर्णा जिले में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात युवक करीब 400 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर पहुंचकर बैठ जाने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन टावर की अत्यधिक ऊंचाई के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सुरक्षा व्यवस्था को पार कर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कुछ ही देर में उसके सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया। टावर के शिखर पर युवक को बैठा देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवक कई बार टावर के अंतिम छोर पर खतरनाक तरीके से हिलता-डुलता दिखाई दिया, जिससे लोगों की सांसें थम गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अमित दानी के नेतृत्व में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। प्रशासन का पूरा प्रयास युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का है। हालांकि, टावर की ऊंचाई और युवक की मानसिक स्थिति को देखते हुए रेस्क्यू टीम बेहद सावधानी से कार्रवाई कर रही है। किसी भी तरह की जल्दबाजी से बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए विशेषज्ञों की मदद भी ली जा रही है।
घंटों बीत जाने के बाद भी युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस और प्रशासन लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार उससे संवाद स्थापित करने और उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही उसके टावर पर चढ़ने के पीछे की वजह स्पष्ट हो पाई है। प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता युवक को सुरक्षित नीचे उतारना है। इसके बाद उसकी पहचान और इस कदम के पीछे के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल घटनास्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।