छतरपुर जिले के सटई थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीनदयाल राजपूत (40 वर्ष) और बबलू राजपूत (35 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों किसान मातगुवां से खाद लेने के लिए निकले थे।
खेतों की ओर निकले, फिर नहीं लौटे घर
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम दोनों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मातगुवां की ओर खाद लाने गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने चिंतित होकर उनकी तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने विजयपुर गांव के पास स्थित एक तलैया में पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली देखी, जिसमें दोनों के शव फंसे मिले। यह दृश्य देखकर पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत फैल गई जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
ये भी पढ़ें- पहले मां को मार डाला, फिर कमरे में बंद होकर लाश के साथ बिताए 72 घंटे, पुलिस को बगल में सोता मिला
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हत्या की आशंका जताई। उन्होंने कुछ लोगों पर संदेह जताते हुए आरोप लगाए और मौके पर जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि दीनदयाल और बबलू के साथ सोची-समझी साजिश के तहत वारदात की गई है।
पुलिस ने बताया प्रारंभिक रूप से हादसा प्रतीत होता है
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे दुर्घटना बताया है। मौके की घटना देख कर सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हुई मौत का लग रहा है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सटई अस्पताल भेजा गया है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले के हर पहलू को गंभीरता से देखा जा रहा है। यदि घटना में कोई संदेही या किसी प्रकार की कोई आपत्तिजनक कृत्य पाए जाएंगे तो दोषियों कर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें- शर्मसार हुई ममता: मानसिक रूप से विक्षिप्त मां ने आठ साल के बेटे की कर दी हत्या, पहाड़ पर ले जाकर दबाया गला
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत हादसा थी या कुछ और, फिलहाल पूरे मामले की जांच सटई थाना पुलिस कर रही है। घटना की सूचना पर गांव में सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों के रो-रोकर बुरा हाल है वहीं पूरे विजयपुर और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।