आगर मालवा जिला मुख्यालय पर नगराधिपति प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी की तैयारियां जोर शोर से चल रही है। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर करीब 46 वर्षों पुरानी परम्परा के अनुसार इस बार भी धूमधाम से नगर में करीब 8 किलोमीटर तक शाही सवारी निकाली जाएगी।
शाही सवारी में शामिल होने वाले भक्तों के लिए भोजन प्रसादी की तैयारी भी की जा रही है। यात्रा में शामिल होने वाले करीब एक लाख से अधिक भक्तों के लिए 20 भट्टो पर करीब 225 लेबर की सहायता से यह भोजन प्रसादी बनाई जा रही है। यह भोजन प्रसादी करीब 80 क्विंटल कद्दू, करीब 70 क्विंटल आटा व 25 क्विंटल शकर व अन्य सामग्रियों से बनाई जा रही है। कलेक्टर एसपी सहित प्रशाषन के आला अधिकारी भी लगातार शाही सवारी की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ड्रायफ्रूट से श्रृंगार, मस्तक पर त्रिपुंड, गले में मोहरे की माला...भस्म आरती में ऐसे सजे बाबा महाकाल
शाही सवारी के दिन यह रहेगी यातायात व्यबस्था
चार अगस्त को बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी नगर में निकाली जाएगी। इसमें बडी संख्या में श्रद्धालुजन सम्मिलित होंगे। शाही सवारी इंतजाम और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात की विशेष व्यबस्था रहेगी।
मंदिर परिसर में प्रवेश व्यवस्था
बाबा बैजनाथ मंदिर मुख्य द्वार से दो पहिया वाहनों से प्रवेश दिया जाएगा। श्रद्धालु अपने दो पहिया वाहन नई पार्किंग बैजनाथ धाम में पार्क करेंगे, चार पहिया एवं बडे वाहनों का प्रवेश मुख्य द्वार से प्रतिबंधित रहेगा। बाबा बैजनाथ मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालु अपने वाहन को निर्धारित पार्किंग में ही पार्क करेंगे। बुजुर्ग, बीमार एवं विकलांग जनों के लिए मुख्य द्वार से आटो का उपयोग कर सकेंगे। मंदिर के पीछे कसाई देहरिया मार्ग पर दोनों जगह (मंदिर के ठीक पीछे व मंगलनाथ के नीचे) से सिर्फ पैदल प्रवेश कर सकेंगे, उपलब्ध पार्किंग स्थल का उपयोग वाहन खड़ा करने में करेंगे। पंचायत भवन (ऊपर पहाड़ी पर) से दोनों ओर सिर्फ पैदल प्रवेश रहेगा। वाहन हेलीपेड पर बनी पार्किंग पर खड़े हो सकेंगे।