प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर सोमवार को आगर जिला मुख्यालय पर सैकड़ों किसानों ने मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला और भव्य रैली निकाल कर अपना विरोध प्रदर्शन किया। रैली में ट्रैक्टर-ट्राली, बैलगाड़ी, ढोल-नगाड़े आदि लेकर किसान रैली में शामिल हुए और अपना विरोध प्रदर्शन किया। सोयाबीन की फसल का भाव 6000 प्रति कुंतल देने सहित आदि मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर भारतीय किसान संघ जिला आगर मालवा के बैनर तले किसानों द्वारा प्रदर्शन किया गया है।
किसानों द्वारा दिए गए ज्ञापन में मुख्य रूप से प्रमुख छह मांगे रखी गई जिसमें किसानों की सोयाबीन की फसल 6000 रुपये प्रति क्वि. के मान से सरकार खरीदे या फिर 6000 रुपये से कम बिकने पर भावान्तर की राशि किसानों को दी जाए। जिले के अनेक गांव में जंगली जानवर, रोजड़े, हिरण, बंदर, सुअर, आवारा गौवंश के कारण हजारों हेक्टर किसानों की फसल बर्बाद हो जाती हैं, जिसके मुआवजे राशि 75000 पट्टी हेक्टर किसानों को दी जाए एवं फसलों की सुरक्षा के लिए तार फेंसिंग पर 60% सब्सिडी दी जाए। जिले में कर्ज माफी की घोषणा के कारण डिफाल्टर हुए किसानों को सहकारी बैंकों द्वारा नोटिस जारी किए जा रहे हैं व पैसे जमा करने के लिए दबाव बनाया जा रहे हैं, उसे निरस्त कर ब्याज माफी कर खाते निरंतर चलाया जाए।
इसके साथ ही 11 के.वी.व एल.टी. लाइन के तार व पोल खेतो में झुल रहे है। उन्हें सही किया जाए एवं ट्रांसफार्मर को अंडरलोड किया जाए एवं सिंचाई ओवरलोड़ हो रहे के ट्रांसफार्मर में केबल एवं कटआउट सेड लगाए जाए। गांव में कच्चे रास्ते पर अतिक्रमण हटाया जावे व खेत सड़क योजना प्रारंभ कर किसानों को लाभ दिया जाए। किसानों द्वारा प्याज की गोदाम में प्याज को सुरक्षित रखने के लिए जो एग्जास्ट पंखे लगाए गए हैं उनके पंचनामे बनाए गए थे व बनाए जा रहे हैं उनको निरस्त कर रोका जाए वह प्याज भंडार पर बिजली की छूट दी जाए।