करनैलगंज तहसील परिसर में पूरे दिन धरना-प्रदर्शन का माहौल रहा। एक ओर अधिवक्ता तहसीलदार और एसडीएम के विरोध में अनशन व प्रदर्शन करते रहे, वहीं दूसरी ओर राजस्व निरीक्षक और लेखपाल संघ ने अपनी मांगों को लेकर तहसील मुख्य द्वार पर धरना दिया। दोनों पक्षों की नारेबाजी के कारण तहसील का कामकाज प्रभावित रहा और फरियादी व वादकारी बैरंग लौट गए। अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसील में भ्रष्टाचार व्याप्त है और बिना लेनदेन के कोई काम नहीं हो रहा। उन्होंने अधिकारियों के स्थानांतरण तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। दूसरी ओर लेखपाल संघ ने वेतन विसंगति दूर करने और सम्मानजनक व्यवहार की मांग उठाई। संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध अधिवक्ताओं से नहीं, बल्कि अपनी मांगों को लेकर है।