गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की ओर से वैसाखी और श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व पर रविवार को विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुद्वारा नाका हिंडोला से शुरू होकर कीर्तन गुरुद्वारा यहियागंज पहुंचा। सचिव मनमोहन सिंह हैप्पी के अनुसार, डॉ. गुरमीत सिंह के संयोजन में शहर की सभी सिख संस्थाएं इसमें शामिल हुईं। पांच प्यारों के नेतृत्व में फूलों से सजी पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी शोभायमान रहे। इस दौरान गतका दलों ने हैरतअंगेज जौहर दिखाए और बाबा दीप सिंह जी फाउंडेशन द्वारा रकाबगंज पर पुष्प वर्षा की गई। बाबा बुड्ढा साहिब जी द्वारा मिस्सी रोटी व प्याज का विशेष प्रसाद बांटा गया।