तेलीबाग,पीजीआई के सतगुरुपुरम कॉलोनी, चरन भट्ठा रोड पर बुधवार सुबह छह माह के बच्चे की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय पिता काम पर जा चुके थे, जबकि मां घर के काम में लगी थीं। बच्चे को आनन-फानन में कई निजी अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। गोंसाईगंज-सुलतानपुर रोड निवासी कुलदीप पिछले डेढ़ साल से पत्नी शिवानी के साथ सतगुरुपुरम कॉलोनी में किराये पर रहते हैं। कुलदीप मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। उनकी शादी दो साल पहले हुई थी। छह माह का बेटा उनकी पहली संतान था।