चौक निवासी शिया धर्मगुरु यासूब अब्बास के नाम और फोटो का प्रयोग कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई गई । उस आईडी से एक समुदाय के लिए आपत्तिजनक बयान पोस्ट किया गए। अब मौलाना ने इस मामले में चौक थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित का कहना है कि मौलाना की शिकायत पर मंगलवार को आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गईं है। साइबर क्राइम सेल की मदद से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने वाले के बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस को दी गई तहरीर में मौलाना यासूब अब्बास का आरोप है कि ऐसा करने शांति व्यवस्था को प्रभावित किए जाने का काम शरारती तत्वों ने किया है। उन्होंने पुलिस से जल्द आरोपियों को पकड़ने की मांग भी की है। पुलिस ने भी लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट और वीडियो पर ध्यान न देने की अपील की है।