काकोरी स्थित शीतला देवी मंदिर में विधायक जय देवी कौशल की ओर से लगाए गए जातिगत भेदभाव और अपमान के आरोपों पर मंदिर के पुजारी शैलेंद्र बाजपेई ने बृहस्पतिवार को सफाई दी। उन्होंने विधायक के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि मंदिर में पूजा-अर्चना को लेकर किसी के साथ जाति के आधार पर भेदभाव नहीं किया गया। मंदिर में सभी वर्ग और समाज के लोग अपनी श्रद्धा के अनुसार पूजा-अर्चना करने आते हैं।मंदिर में जीर्णोद्धार के लिए आयोजित शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान मलिहाबाद विधायक जय देवी कौशल ने आरोप लगाया था कि उन्हें पूजा करने, अगरबत्ती और नारियल चढ़ाने से रोका गया। विधायक के आरोप सामने आने के बाद मामला राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। पुजारी शैलेंद्र बाजपेई ने कहा कि मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान परंपरा और निर्धारित पूजा पद्धति के अनुसार कराया गया था। किसी व्यक्ति को उसकी जाति के आधार पर पूजा करने से रोकने का सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक की ओर से लगाए गए आरोपों को मंदिर की वास्तविक व्यवस्था से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।