सोमवार सुबह जवाहर भवन के चौथे तल लगी आग पर फायर ब्रिगेड टीम ने समय रहते काबू पा लिया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। बड़ा हादसा तो टल गया, लेकिन जवाहर भवन और इंदिरा भवन आग के मुहाने पर ही है। दोनों भवनों में कई तल पर कार्यालयों के पास टूटी कुर्सी मेज और अन्य कबाड़ का ढेर लगा है। परिसर में कई कंडम गाड़ियां खड़ी हैं। मलबा और अन्य अव्यवस्थाएं भी कदम कदम पर दिखती हैं। कबाड़, मलबा और कंडम वाहन हटाने के लिए जवाहर भवन-इंदिरा भवन कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कई बार संपत्ति कर विभाग में शिकायत की, लेकिन सुनवाई अब तक नहीं हुई है।