ऐशबाग वाटर वर्क्स रोड स्थित गढ़इया छोटा फाटक हाता में बिजली विभाग की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार विभाग ने करीब 14 मीटर लंबा बिजली कनेक्शन लोहे के एंगल के सहारे दिया है। चिंताजनक बात यह है कि इसी एंगल के ठीक नीचे पानी की पाइपलाइन है, जहां हाते के निवासी रोजाना पानी भरने आते हैं। बरसात के मौसम में करंट उतरने और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं किया गया। लोगों ने बिजली विभाग से सुरक्षित व्यवस्था कराने और तत्काल वैकल्पिक कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।