लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में लिफ्ट मांगने के बहाने एक शातिर युवक ने स्कूटी सवार दुकानदार की जेब काटकर 46,500 रुपये पार कर दिए। हालांकि, स्कूटी से उतरते समय आरोपी का पैर फुट स्टेप में फंस गया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और उसके पास मौजूद 13,500 रुपये सड़क पर बिखर गए। पीड़ित ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी अपने बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-3 जानकीपुरम निवासी अजयकांत कटियार की 60 फीटा रोड पर किराने की दुकान है। सोमवार दोपहर वह स्कूटी से रकाबगंज खरीदारी के लिए जा रहे थे। रास्ते में एक युवक ने उनसे लिफ्ट मांगी। गोकुल मिष्ठान के पास उतरते समय उसने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के मुताबिक जेब में रखे 60 हजार रुपये में से 13,500 रुपये मौके पर मिल गए, जबकि आरोपी 46,500 रुपये लेकर फरार हो गया। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।