गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर खुर्रम नगर एवं कमला नेहरू नगर स्थित श्री शिर्डी साईं धाम में धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर में अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण और वैदिक विधियों के साथ भगवान श्री शिर्डी साईं बाबा की विशेष गुरु पूर्णिमा आरती संपन्न कराई गई। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर प्रांगण "साईं नाथ महाराज की जय" के जयकारों और शंखनाद से गुंजायमान हो उठा। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच विशेष प्रसाद व भंडारे का वितरण किया गया। इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय निवासियों और साईं भक्तों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गुरु चरणों में अपना शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।