एनटीपीसी परियोजना के पास शारदा सहायक नहर की पटरी पर मोखरा गांव के पास बृहस्पतिवार की रात ऊंचाहार पुलिस व बदमाशों में मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। चार बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा के अनुसार मंगलवार को गदागंज थाना क्षेत्र के गढ़ी मनिहर निवासी दीन मोहम्मद से एक लाख दस हजार रुपए व मोबाइल लूट हुई थी। दीन मोहम्मद अपने गिरवी रखे ट्रैक्टर को छुड़ाने आज रहे थे। तभी उनके साथ लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी। रात में मुखबिर से सूचना मिली कि गांव के पास बदमाश लूटे गए रुपये का बंटवारा कर रहे हैं। ऊंचाहार पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश भागने लगे इस दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। अपने को घिरता देख ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गंगश्री गांव निवासी आशीष पासी ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने बचाव में फायर किया तो आशीष के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसके साथ ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के हसन गंज निवासी ऋषभ, पट्टी रहस कैथवल गांव के उत्तम उपाध्याय व सवैया राजे गांव निवासी संदीप को गिरफ्तार किया गया है।