शहर में सुबह से ही काले बादलों का डेरा बना हुआ है और ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया है। तेज धूप और उमस से परेशान लोगों को मौसम में आए इस बदलाव से राहत मिली है। आसमान में लगातार बादलों की आवाजाही के बीच कहीं-कहीं हल्की फुहारें भी देखने को मिलीं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और 22 जुलाई तक अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम से तेज वर्षा के साथ गरज-चमक की भी संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।