लखनऊ के नावेल्टी चौराहे के पास स्थित नए विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद भाजपा नेता और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पदाधिकारी नानकदीन भुर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन और समर्थक अस्पताल पहुंच गए। सिविल अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों की आंखें नम दिखीं, वहीं समर्थकों में भी शोक का माहौल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह हादसा था या आत्महत्या। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मौके से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।