विकासनगर में कुर्सी रोड स्थित महावीर इंटर कॉलेज के पास मुख्य सड़क पर कूड़ा डंप किए जाने और जेसीबी से कूड़ा उठाने के कारण सड़क पर बने गड्ढों की समस्या को अमर उजाला के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने का असर देखने को मिला। नगर निगम की टीम देर शाम मौके पर पहुंची और सड़क किनारे डंप कूड़ा हटवा दिया। इसके साथ ही जेसीबी से सड़क पर बने गहरे गड्ढे को ईंट के मलबे से भरवाया गया। नगर निगम कर्मियों ने आसपास फैली गंदगी की भी सफाई कराई, जिससे क्षेत्र के लोगों और राहगीरों को काफी राहत मिली। स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे समय से सड़क पर कूड़ा डंप होने और दुर्गंध के कारण राहगीरों के साथ महावीर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं और स्टाफ को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी। सड़क क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने अमर उजाला का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से मांग की कि भविष्य में इस स्थान पर दोबारा कूड़ा डंप न होने दिया जाए, ताकि सड़क सुरक्षित और स्वच्छ बनी रहे।