छोटे बच्चों को लेकर क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय आने वाले अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। पासपोर्ट संबंधी काम के बीच अभिभावकों को बच्चों के लिए फिक्रमंद नहीं होना पड़ेगा। सोमवार को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में बच्चों के लिए प्ले एरिया (खेल परिसर) का शुभारंभ किया गया है। अभिभावक पासपोर्ट बनवाएंगे और बच्चे प्ले एरिया के सुरक्षित माहौल में खेलेंगे। प्ले एरिया में बच्चों के मनोरंजन और खेल-कूद के लिए खेल सामग्री एवं गतिविधियों की व्यवस्था की गई है। देखरेख के लिए सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ज्ञानवीर सिंह ने बताया कि पासपोर्ट सेवा केवल दस्तावेज़ उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। नागरिकों को सहज, सुगम एवं नागरिक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करना भी प्राथमिकता है। बच्चों के लिए प्ले इसी दिशा में एक पहल है। पासपोर्ट कार्यालय ने इस पहल को साकार करने में सहयोग करने पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रति आभार जताया है। शुभारंभ के बाद से बच्चे पूरे दिन परिसर में खेलते नजर आए। कई अभिभावकों ने अपने अनुभव भी साझा किए।