लखनऊ में 15 अगस्त को होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। विधानसभा भवन को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। विधानसभा के बाहर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए सड़क के दोनों ओर तिरंगे कपड़े से टेंट और सजावट का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर एक ओर मुख्यमंत्री के बैठने की व्यवस्था की जाएगी, जबकि दूसरी ओर आमंत्रित अतिथियों और अन्य लोगों के बैठने के लिए व्यवस्था की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इसी परिसर में संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। आयोजन को लेकर परिसर में तैयारियां लगातार जारी हैं। सजावट और बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए कर्मचारी जुटे हुए हैं। 15 अगस्त को विधानसभा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।