ब्लाक मोहनलालगंज के खुजेहटा गांव मे एनजीओ द्वारा संचालित गोवंश आश्रय केन्द्र में 10 गोवंशो की मौत का वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। आश्रय केंद्र में गोवंश के शव जहां तहां पड़े हैं। वीडियो व फोटो वायरल होने पर केंद्र पहुंचकर एसडीएम ने निरीक्षण किया और एनजीओ को नोटिस जारी किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो व फोटो की पुष्टि अमर उजाला नहीं करता है। खुजेहटा गांव मे एक स्वयं सेवी संस्था द्वारा संचालित गोवंश आश्रय केन्द्र की दुर्दशा का वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को वायरल हुआ। आश्रय केंद्र में पशुओं को ठंड के बचाव के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए। केंद्र में न अलाव की व्यवस्था है न ही सिक वार्ड बनाया गया। आश्रय केंद्र की दुर्दशा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर एसडीएम ने केंद्र पर पहुंचकर वहां का हाल जाना। केंद्र में अलाव व सिक वार्ड न पाकर एसडीएम ने एनजीओ को फटकार लगाई व नोटिस जारी कर जबाब तलब किया है। एसडीएम बृजेश कुमार वर्मा ने बताया केंद्र में एक गोवंश की मौत हुई है। बाकी बीमार गोवंशों का इलाज चल रहा है। अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। केंद्र मे कुछ कमियां पाई गई हैं जिन्हें दूर करने के निर्देश बीडीओ मोहनलालगंज व एनजीओ को दिए गए हैं।