झांसी। पेपर लीक की घटनाओं और विभिन्न राज्यों में छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं के विरोध में शुक्रवार शाम छात्र रानी लक्ष्मी बाई पार्क में एकत्र हुए। छात्रों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ पेपर लीक के दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्रों ने बताया कि उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों से कैंडिल मार्च निकालने की अनुमति प्रशासन से मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण पार्क परिसर में ही सांकेतिक कैंडिल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान छात्रों ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग रहा है और इससे छात्रों में निराशा का माहौल बन रहा है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने, पेपर लीक के मामलों की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, आत्महत्या करने वाले छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। छात्रों ने सरकार से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की।