अमर उजाला ब्यूरो झांसी। झांसी-ललितपुर हाईवे पर बुधवार देर रात बबीना के महिमा ढाबे के पास भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला और मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे बाइक पर सवार चार लोग झांसी से सुकुवां गांव की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे आरा मशीन के आगे महिमा ढाबे के पास पहुंचे, पीछे से झांसी की ओर से ललितपुर जा रहे कंटेनर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कंटेनर में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद चालक ने कंटेनर रोकने के बजाय उसे दौड़ा दिया। बाइक कंटेनर में फंसी होने के कारण करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई। इससे बाइक सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सदर प्रिया सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं और हादसे की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि हादसे में महिला और मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो पुरुष घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। सीओ के मुताबिक, मृतकों और घायलों की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस बाइक के नंबर के आधार पर उनकी पहचान कराने में जुटी है। वहीं, हादसे के बाद कंटेनर छोड़कर भागे चालक की तलाश की जा रही है।