रनसु स्थित शिवखोड़ी में यात्रा की समय सीमा को लेकर बुधवार को एक निर्णायक बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसी कुमार अभिषेक, एसएसपी मुकुंद टिबरेवाल,विधायक कुलदीप राज दुबे सहित संघर्ष समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में समय सीमा को लेकर कोई बड़ा फैसला सामने नहीं आया, लेकिन श्रद्धालुओं को आंशिक राहत जरूर दी गई है। विधायक कुलदीप राज दुबे ने बताया कि पहले कटरा से पौनी तक आने वाले नाकों पर यात्री वाहनों को रोक दिया जाता था, जबकि अब दोमेल नाके से शाम 7 बजे के बाद भी यात्री वाहन शिवखोड़ी की ओर जा सकेंगे और वहां रुक सकेंगे। इसके अलावा, शिवखोड़ी में दर्शन कर लौटने वाले श्रद्धालुओं को भी एक घंटे की अतिरिक्त छूट दी गई है। पहले उन्हें शाम पांच बजे से पहले ही रनसु से वापिस रवाना होना पड़ता था। व्यापार मंडल व संघर्ष समिति की अध्यक्ष ने इस निर्णय को राहत भरा बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को कुछ सुविधा मिलेगी। विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि आने वाले दस दिनों में समिति के सदस्यों को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलवाकर इस मुद्दे का स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, संघर्ष समिति के कुछ सदस्य और कांग्रेस के प्रदेश सचिव करन दीप सिंह इस फैसले से संतुष्ट नहीं दिखे। उनका कहना था कि कटड़ा से आने वाले श्रद्धालु शिवखोड़ी पहुंचकर रुकने के बजाय वापस लौटना चाहते हैं, इसलिए यात्रा समय को कम से कम रात नौ बजे तक बढ़ाया जाना चाहिए था। वहीं, पूर्व डीडीसी सदस्य केवल कृष्ण शर्मा ने फैसले का स्वागत करते हुए विधायक पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि जो श्रद्धालु शाम सात बजे तक शिवखोड़ी पहुंच जाते हैं, वे 24 घंटे के भीतर गुफा में दर्शन कर सकते हैं ।